मेवाड़ समाचार
डीडवाना जिले में 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप का मामला आया है। लड़की सहेली के घर से किताब लेकर लौट रही थी, रास्ते में आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद लड़की को सुनसान जगह ले जाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि लड़की का दो साल से देह शोषण किया जा रहा था।
डीडवाना जिले में 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई है। 25 फरवरी को लड़की अपने घर से सहेली के यहां किताब लेने गई थी। किताब लेने के बाद लड़की अपने घर लौट रही थी। इस बीच रास्ते में आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान जगह ले गए और वहां लड़की के साथ गैंगरेप किया। इस बीच आसपास से लोगों की हलचल होने लगी तो आरोपी लड़की को वहीं पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने पकड़े तीन आरोपी
पीड़िता खंडहर से निकलकर जैसे तैसे अपने घर पहुंची। इसके बाद उसने घर वालों को आपबीती बताई। तब मामला पुलिस तक पहुंचा। इस मामले में लड़की के परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। लड़की का मेडिकल कराकर पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
दो साल से देह शोषण
पीड़ित लड़की 12वीं क्लास की छात्रा है, उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह अपनी दादी के साथ रहती है। पड़ताल में सामने आया है कि आरोपियों के पास लड़की के अश्लील वीडियो और फोटो थे। जिन्हें वह वायरल करने की धमकी देकर लड़की को ब्लैकमेल कर रहे थे। लड़की का करीब दो साल से देह शोषण किया जा रहा था। 25 फरवरी को तो आरोपी लड़की को रास्ते से उठाकर ही ले गए। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

Author: mewadsamachar
News