मेवाड़ समाचार
राजस्थान के उदयपुर में पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के बाद उनके बेटे विश्वराज सिंह को मेवाड़ की गद्दी पर बिठाया जाएगा।
कल 25 नवंबर को राजसी परंपरा से विश्वराज सिंह का राजतिलक किया जाएगा। इसके लिए मेवाड़ के पूर्व राजघराने में जोरों से तैयारियां चल रही हैं।
अब मेवाड़ की गद्दी पर विश्वराज
उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ का पिछले दिनों निधन हो गया। इसके बाद अब उनके बड़े बेटे विश्वराज सिंह को मेवाड़ की गद्दी पर बिठाया जाएगा। इसके तहत कल 25 नवंबर को दस्तूर कार्यक्रम होगा। जिसमें विश्वराज सिंह का राजतिलक कर उन्हें राजगद्दी पर बिठाया जाएगा। यह कार्यक्रम चित्तौड़गढ़ के फतह प्रकाश महल में होगा।
रक्त से होगा राजतिलक
पूर्व राजपरिवार के नजदीकी लोगों के मुताबिक विश्वराज सिंह को नई राजगद्दी पर बिठाया जाएगा। इसके बाद तलवार से अंगूठा चीरकर रक्त से विश्वराज सिंह का राजतिलक किया जाएगा। इस दौरान पंडितों की ओर से वैदिक मंत्रोच्चारण चलता रहेगा। राजतिलक के बाद विश्वराज सिंह को परंपरा के अनुसार एकलिंग मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर, कांकरोली और चारभुजा मंदिर से लाए पुष्प भेंट किए जाएंगे।
राजतिलक के बाद लोगों से मुलाकात
पूर्व राजपरिवार में राजतिलक के बाद लोगों से मुलाकात की भी परंपरा का निर्वहन होगा। विश्वराज सिंह राजतिलक के बाद बाहर आएंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे। सभी लोगों से मुलाकात के बाद विश्वराज सिंह मेवाड़ उदयपुर के लिए रवाना होंगे। उदयपुर में प्रयागगिरी महाराज की धूणी पर जाकर दर्शन करेंगे। इसके बाद कुलदेवता और एकलिंग जी के दर्शन कर मेवाड़ की खुशहाली की कामना करेंगे।
शोक भंग की भी होगी रस्म
उदयपुर में पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के शोक भंग की रस्म भी होगी। इसमें पंडित सफेद वाली पाग की जगह रंगीन पाग पहनाएंगे। इसके बाद विश्वराज सिंह मेवाड़ अपने परिवारजनों का शोक भंग करवाएंगे। शोक भंग की इस रस्म के बाद सभी रंगीन पाग पहन सकेंगे और उत्सव में शामिल हो सकेंगे।

Author: mewadsamachar
News