मेवाड़ समाचार
राजस्थान के बांसवाड़ा में हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो नर्सिंगकर्मी अपने ही इंचार्ज डॉक्टर की जान के दुश्मन बन गए। दोनों पर डॉक्टर को कमरे में बंद करने, जान से मारने की धमकी देने और अस्पताल में बंदूक लाकर धमकाने के आरोप हैं, अब बांसवाड़ा SP ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
अस्पताल में बंदूक लेकर पहुंचा स्टाफ
यह सनसनीखेज मामला बांसवाड़ा के पालोदा के सरकारी अस्पताल का है। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है, मगर इसका खुलासा अब हुआ है। बताया जा रहा है कि एक नर्सिंगकर्मी बंदूक लेकर अस्पताल पहुंचा और प्रभारी चिकित्सक को ढूंढने लगा। उस वक्त डॉक्टर अस्पताल में नहीं थे। मगर यह पूरा घटनाक्रम CCTV में रिकॉर्ड हो गया। जिसके बाद डॉक्टर ने पुलिस को शिकायत दी है।
डॉक्टर ने लगाया धमकाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक डॉक्टर का कहना है कि दोनों नर्सिंगकर्मी ड्यूटी से नदारद रहते हैं। इनको नोटिस देकर जवाब मांगा था। इसके बाद दोनों उसे कमरा दिखाने के बहाने अस्पताल में बनी धर्मशाला में ले गए और कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान दोनों ने डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद डॉक्टर ने CMHO को शिकायत की। तो आरोपी और भड़क गए। इसके बाद एक आरोपी अस्पताल में बंदूक लेकर पहुंचा और डॉक्टर को ढूंढने लगा।
CCTV में कैद हुई आरोपी की करतूत
अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के बंदूक लेकर डॉक्टर को ढूंढने की यह घटना CCTV में कैद हो गई। जिसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ है। बांसवाड़ा SP ने इस मामले को गंभीर माना है और जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इधर, CMHO की ओर से भी विभागीय जांच के लिए कमेटी बना दी गई है। जो अब पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।

Author: mewadsamachar
News