राजस्थान में नेताओं के फोन टैपिंग केस में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD रहे लोकेश शर्मा को गिरफ्तार किए जाने की खबर है।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लोकेश शर्मा को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, बताया जा रहा है कि जल्द ही अधिकारी लोकेश शर्मा की गिरफ्तारी की पुष्टि करेंगे।
क्या है राजस्थान का फोन टैपिंग केस?
राजस्थान में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने राजनीतिक संकट की स्थिति बन गई थी। कुछ विधायक सरकार के खिलाफ लामबंद हो गए थे। तब एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी। इसके बाद विपक्ष के नेताओं पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश के आरोप लगे थे। जिस पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आपत्ति जताई थी और राजस्थान की तत्कालीन सरकार पर गैर कानूनी ढंग से फोन टैप करवाने के आरोप लगाए थे।
लोकेश शर्मा कौन, क्यों जुड़ा केस से नाम?
राजस्थान में फोन टैपिंग केस में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की ओर से लोकेश शर्मा को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। लोकेश शर्मा वही शख्स है, जिनके जरिए कथित तौर पर विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी ऑडियो क्लिप सार्वजनिक हुई थी। वह उस वक्त मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD भी थे। ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद केंद्रीय मंत्री शेखावत की ओर से राजस्थान में गैर कानूनी ढंग से नेताओं के फोन टैप करने का आरोप लगाया गया और इस केस की FIR में लोकेश शर्मा को आरोपी बनाया गया।
लोकेश शर्मा से पहले हुई थी पूछताछ
लोकेश शर्मा से पिछले कुछ दिनों पहले भी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पूछताछ की थी। इसके बाद लोकेश शर्मा ने कहा था कि उन्होंने क्राइम ब्रांच को सब कुछ बता दिया है। OSD के नाते मुझे ऑडियो क्लिप वाली पेन ड्राइव दी गई थी। जिसे मैंने सर्कुलेट किया। मगर फोन टैपिंग से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। लोकेश शर्मा ने फोन टैपिंग केस में खुद की भूमिका से इनकार किया था।

Author: mewadsamachar
News