मेवाड़ समाचार
21 नवंबर पाली में सुंदरकांड पाठ कर रहे पंडितों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक मामले में 6 आरोपी पकड़े जा चुके है। मुख्य आरोपी सुरेंद्रसिंह अभी भी फरार है। जिसकी तलाश जारी है। बता दें कि ब्राह्मण समाज ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पाली बंद की चेतावनी दी थी। इधर शहर में टेम्पो घूमाकर पाली बंद के आह्वान में सभी लोगों से सहयोग की अपील की गई।
सीओ सिटी देरावर सिंह ने बताया- 13 नवंबर को औद्योगिक थाने क्षेत्र के राजनगर में अपने प्लॉट पर पंडितों के साथ सुंदरकांड का पाठ कर रहे पंडित ओमदत्त दवे पर सुरेंद्रसिंह राजपूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया था। जिसमें ओमदत्त दवे गंभीर घायल हो गए थे। उसे बचाने का प्रयास करने पर अन्य पंडितों पर भी आरोपियों ने हमला किया था। घायल ओमदत्त का अभी भी बांगड़ हॉस्पिटल में उपचार जारी है।
मामले में रेलवे स्टेशन भटवाड़ा निवासी रवि कुमार(28) पुत्र किशोर कुमार और शांति प्रिय नगर (औद्योगिक नगर थाना) निवासी दशरथ(36) पुत्र कालूराम को गिरफ्तार किया है। इससे पहले राजनगर (औद्योगिक नगर थाना) निवासी कुलदीपसिंह(27) पुत्र कुंदनसिंह, शेखावत नगर निवासी कमलसिंह(35) पुत्र कायमसिंह, राजेन्द्र नगर निवासी चैनसिंह(26) पुत्र दिलीपसिंह और शिव कॉलोनी निवासी जयंती(24) पुत्र जेठाराम को गिरफ्तार किया था। मामले में पुलिस अभी तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी सुरेंद्रसिंह की तलाश जारी है।
बता दें कि मुख्य आरोपी सुरेंद्रसिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ब्राह्मण समाज ने मांग की थी और उसके गिरफ्तार नहीं होने की स्थिति में पाली बंद की चेतावनी भी दी है।

Author: mewadsamachar
News